Katha
अहोई अष्टमी व्रत कथा

अहोई अष्टमी व्रत कथा

सुनें

अहोई अष्टमी व्रत कथा

सुनें

बहुत समय पहले एक साहूकार था, जिसके सात बेटे और सात बहुएं थीं। दीपावली से पहले कार्तिक अष्टमी के दिन सातों बहुएं अपनी इकलौती ननद के साथ जंगल में मिट्टी खोदने गईं। मिट्टी खोदते समय ननद के हाथों अनजाने में खुरपी से स्याऊ का एक बच्चा मर गया। इससे स्याऊ माता बहुत क्रोधित हुईं और बोलीं, "मैं तेरी कोख बांधूंगी।"

सुनें

ननद अपनी भाभियों से विनती करने लगी कि कोई उसकी जगह अपनी कोख बंधवा ले। सभी भाभियों ने मना कर दिया, लेकिन छोटी भाभी ने सोचा कि ननद का तो अभी विवाह भी नहीं हुआ है, इसलिए उसने ननद के बदले अपनी कोख बंधवा ली। इसके बाद छोटी बहू को जो भी बच्चा होता, वह सात दिन का होकर मर जाता।

सुनें

एक दिन गांव में एक महर्षि आए। छोटी बहू ने रोते हुए उन्हें अपनी पूरी व्यथा सुनाई। महर्षि ने उपाय बताया, "तुम्हारे गांव में एक सुरई गाय है, जो स्याऊ माता की सहेली है। तुम उसकी सेवा करो, वही तुम्हारी कोख खुलवा सकती है।"

सुनें

छोटी बहू रोज सुबह उठकर सुरई गाय के स्थान की साफ-सफाई करने लगी, ताजा पानी भरने लगी और हरी दूब खिलाने लगी। एक दिन सुरई गाय ने उसे देख लिया और पूछा, "तू रोज तड़के आकर मेरी सेवा क्यों करती है?" बहू ने कहा, "स्याऊ माता आपकी सहेली हैं और उन्होंने मेरी कोख बांध रखी है। आप मेरी कोख खुलवा दीजिए।" सुरई गाय मान गई और उसे लेकर स्याऊ माता के पास जाने के लिए चल पड़ी।

सुनें

रास्ते में धूप बहुत तेज थी, तो दोनों एक पेड़ के नीचे बैठ गईं। उसी पेड़ पर गरुड़ पंखनी का घोंसला था, जिसमें उसका बच्चा था। एक सांप उस बच्चे को खाने के लिए पेड़ पर चढ़ने लगा। छोटी बहू ने तुरंत उस सांप को मारकर ढाल के नीचे छिपा दिया और बच्चे की जान बचा ली। जब गरुड़ पंखनी लौटी और वहां खून देखा, तो वह बहू पर हमला करने लगी। तब बहू ने बताया कि उसने बच्चे को मारा नहीं, बल्कि सांप से बचाया है। प्रसन्न होकर गरुड़ पंखनी ने पूछा, "मांगो, क्या मांगती हो?" बहू ने कहा, "हमें सात समुद्र पार स्याऊ माता के पास पहुंचा दो।" गरुड़ पंखनी ने दोनों को अपनी पीठ पर बैठाकर स्याऊ माता के पास पहुंचा दिया।

सुनें

स्याऊ माता ने सुरई गाय को देखकर कहा, "आओ बहन, बहुत दिनों बाद आई हो। मेरे सिर में बहुत जुएं पड़ गई हैं।" सुरई गाय के कहने पर छोटी बहू ने स्याऊ माता के सिर से सारी जुएं निकाल दीं। इससे स्याऊ माता को बहुत आराम मिला और उन्होंने प्रसन्न होकर आशीर्वाद दिया, "जा, तेरे सात बेटे और सात बहुएं होंगी।"

सुनें

बहू ने कहा, "माता, मेरे तो एक भी संतान जीवित नहीं रहती, मेरी कोख तो आपके पास बंधी पड़ी है।" यह सुनकर स्याऊ माता बोलीं, "तूने तो मुझे ठग लिया! पर अब मैंने वचन दे दिया है, तो वह पूरा होगा। तू घर जाकर अहोई अष्टमी का व्रत और पूजन कर। सात अहोई बनाकर सात कढ़ाइयां चढ़ा और उद्यापन कर।"

सुनें

बहू जब अपने घर लौटी, तो उसने देखा कि उसके सात बेटे और सात बहुएं पहले से वहां बैठे हैं। उसने अत्यंत प्रसन्न होकर अहोई अष्टमी का व्रत, पूजन और उद्यापन किया।

सुनें

हे अहोई माता! जैसी कृपा आपने साहूकार की छोटी बहू पर की, वैसी ही कृपा इस कथा को कहने, सुनने और हुंकारा भरने वाले सभी पर करना। जय अहोई माता!

संबंधित विषय:#अहोईअष्टमी#अहोईमाताकथा#व्रतकथा#अहोईअष्टमीपूजा
पैराग्राफ 1 / 10
10% पूरा हुआ

अन्य संबंधित पावन कथाएँ